नागपुर , अप्रैल 11 -- बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह अपनी फिल्म 'धुरंधर' की अपार सफलता के बाद चर्चा में तो हैं ही लेकिन उनके अचानक नागुपुर दौरे ने उन्हें सुर्खियों में ला दिया है।

बिना किसी पूर्व घोषणा के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) मुख्यालय में उनके दौरा और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से उनकी मुलाकात के कारण राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गयी है।

अभिनेता रणवीर सिंह शुक्रवार को नागपुर के रेशिमबाग स्थित स्मृति मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने आरएसएस के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरे को पूरी तरह से गोपनीय रखा गया था। उन्होंने आरएसएस मुख्यालय में अपने प्रवास के दौरान श्री मोहन भागवत से भी मुलाकात की और दोनों के बीच कई विषयों पर अनौपचारिक चर्चा हुई।

श्री रणवीर सिंह ने न केवल आरएसएस पदाधिकारियों से मुलाकात की बल्कि युवा स्वयंसेवकों से भी बातचीत की।

यह पूरा दौरा एक सीमित दायरे तक ही रखा गया था लेकिन जैसे ही यह खबर सामने आई, यह चर्चा का एक प्रमुख विषय बन गई। अब तक इस मुलाकात के एजेंडे के संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित