मुंबई , मार्च 15 -- महाराष्ट्र के राज्यपाल एवं राज्य के सार्वजनिक विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति जिष्णु देव वर्मा ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को 'डॉक्टर ऑफ साइंस' (डीएससी) की मानद उपाधि प्रदान की है।

श्री फडणवीस को यह मानद उपाधि महात्मा फुले कृषि विद्यापीठ, राहुरी के 39वें दीक्षांत समारोह में कृषि क्षेत्र में डिजिटल तकनीक को बढ़ावा देने के उनके प्रयासों के लिए प्रदान की गयी। इस अवसर पर, राज्यपाल ने 4,182 विद्यार्थियों को स्नातक उपाधियाँ, 346 को स्नातकोत्तर उपाधियाँ, 74 को डॉक्टरेट उपाधियाँ और 39 विद्यार्थियों को पदक भी प्रदान किये।

इस दौरान श्री वर्मा ने कहा कि यह राज्य में उनका पहला सार्वजनिक कार्यक्रम था, और यह एक ऐसे विश्वविद्यालय में आयोजित हो रहा था जिसका नाम महान समाज सुधारक और महिला शिक्षा के अग्रदूत महात्मा फुले के नाम पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह समारोह उनके लिए विशेष रूप से यादगार है, क्योंकि इस अवसर पर राज्य के युवा और गतिशील मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को 'डॉक्टर ऑफ साइंस' की उपाधि से सम्मानित किया जा रहा है। राज्यपाल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने देश को "जय जवान, जय किसान" का नारा दिया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित