ऊधमसिंहनगर , फरवरी 19 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंहनगर जिले में अंधविश्वास फैलाकर भोले-भाले ग्रामीणों से रुपये दोगुना करने के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले संगठित गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। गिरोह के ने तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी 'जिन्न' के नाम पर अंधविश्वास फैलाकर लोगों को अपनी बातों में फंसाते थे और विभिन्न "स्कीमों" के नाम पर रकम निवेश करवाते थे। जांच में सामने आया कि गिरोह ने करीब डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की।
बताया जा रहा है कि विगत 16 फरवरी को बांसखेड़ा निवासी शकील अहमद की शिकायत पर पुलिस ने ऐसे ही एक प्रकरण में मामला दर्ज किया।
आरोप है कि उसी गांव के ही सरताज अली उर्फ कादरी बाबा, शफीक अहमद और मोहम्मद आरिफ ने प्रचार किया कि कादरी बाबा पर 'जिन्न' आता है, जो पैसे डबल कर देता है। एक वर्ष पूर्व आयोजित धार्मिक जलसे में भी आरोपियों ने अलग-अलग योजनाओं का प्रचार शुरू किया।
यही नहीं आरोपियों ने घर-घर जाकर भी अशिक्षित और गरीब ग्रामीणों को झांसे में लिया। यह भी दिखाया गया कि 'जिन्न' की कृपा से अभियुक्तों ने मकान, प्लॉट और महंगी गाड़ियां खरीदी हैं।
जांच में खुलासा हुआ कि ठगी की रकम से शफीक ने करीब Rs.20 लाख की लागत से मकान और एक बलेनो कार, आरिफ ने लगभग Rs.10 लाख का प्लॉट जबकि सरताज अली उर्फ कादरी बाबा ने ग्राम धीमरखेड़ा में प्लॉट लेकर मकान बनवाया और बोलेरो वाहन खरीदा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित