जांजगीर-चांपा , दिसंबर 22 -- केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने सोमवार को जांजगीर पुलिस लाइन में आयोजित 'जनादेश परब' कार्यक्रम में जय सतनाम के उद्घोष के साथ आमसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर बधाई दी और इसे जनविश्वास की जीत बताया।

श्री नड्डा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने सत्ता में आने के बाद जो संकल्प लिए थे, उन्हें धरातल पर उतारने का कार्य किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश भय, भ्रष्टाचार और समझौतावादी नीतियों से जूझ रहा था। जनता ने उस व्यवस्था को बदलते हुए प्रदेश में भाजपा को अवसर दिया, जिसका परिणाम आज विकास के रूप में सामने है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने गांव, गरीब और श्रमिक वर्ग को केंद्र में रखकर कार्य किया है। बड़ी संख्या में श्रमिकों को आर्थिक सहायता दी गई है, वहीं युवाओं के लिए हजारों सरकारी पदों पर पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

नक्सलवाद पर सरकार के सख्त रुख पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान नक्सलियों के प्रति नरमी दिखाई गई, जबकि वर्तमान सरकार ने उनके खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की है। उन्होंने दावा किया कि मार्च 2026 तक प्रदेश से नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त करने का लक्ष्य तय किया गया है और सरकार उस दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रही है।

श्री नड्डा ने देश की आर्थिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आज विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है और निरंतर आगे बढ़ रहा है। डिजिटल लेन-देन, मोबाइल निर्माण, सड़क नेटवर्क और स्वास्थ्य सुविधाओं में हुए विस्तार को उन्होंने नए भारत की पहचान बताया।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें जांजगीर भी शामिल है। वहीं बिलासपुर और राजनांदगांव में सुपर स्पेशालिटी अस्पताल शुरू हो चुके हैं। कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष जनभावनाओं से कट चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जनता की प्राथमिकताओं की समझ नहीं है और इसी कारण उसे बार-बार असफलता का सामना करना पड़ रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मुख्यमंत्री साय ने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने मोदी की गारंटी पर भरोसा जताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में अपराध बढ़े, जबकि भाजपा सरकार आने के बाद विकास की रफ्तार तेज हुई है। नक्सलवाद के खिलाफ अभियान को उन्होंने प्रदेश की प्राथमिकता बताया।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद के समूल उन्मूलन के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने दोहराया कि 31 मार्च 2026 तक प्रदेश को नक्सल समस्या से मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है और इस दिशा में ठोस कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित