प्रयागराज , फरवरी 6 -- फिल्म अभिनेता मनोज बाजपेई की नेटफ्लिक्स पर प्रस्तावित वेब सीरीज 'घूसखोर पंडत' रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। देश के विभिन्न हिस्सों में ब्राह्मण समाज से जुड़े लोगों ने सीरीज के शीर्षक पर आपत्ति जताते हुए विरोध दर्ज कराया है।
टीजर जारी होने के बाद सोशल मीडिया पर भी कई यूजर्स ने शीर्षक को लेकर सवाल उठाए हैं और इसे जातिवादी करार दिया है। साधु-संतों ने भी 'घूसखोर पंडत' नाम पर आपत्ति जताते हुए इसका विरोध किया है।
प्रयागराज में शुक्रवार को ब्राह्मण समाज के सम्मान पर कथित आघात के विरोध में राष्ट्रीय परशुराम सेना (ब्रह्मवाहिनी) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। सिविल लाइंस स्थित सुभाष चौराहे पर संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सीरीज के विरोध में नारेबाजी की तथा अभिनेता और निर्देशक नीरज पांडे का पुतला दहन किया।
राष्ट्रीय परशुराम सेना (ब्रह्मवाहिनी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित विमल तिवारी ने कहा कि फिल्म एवं सीरीज के निर्माता, निर्देशक, कलाकार तथा सेंसर समिति से जुड़े कुछ लोगों की कथित समाज-विरोधी मानसिकता के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह फिल्म ब्राह्मण समाज की छवि धूमिल करने का प्रयास है और इसे रिलीज होने से रोका जाना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित