मुरैना , जनवरी 04 -- मध्यप्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विवादित 'घंटा' बयान को लेकर शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुरैना की सड़कों पर घंटा बजाओ आंदोलन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला कार्यालय का घेराव करने जा रहे थे।
भाजपा कार्यालय के घेराव की सूचना मिलते ही वहां पहले से ताला जड़ दिया गया और भाजपा कार्यकर्ता कार्यालय छोड़कर चले गए। इसके बाद प्रशासन ने भाजपा कार्यालय के आसपास भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कार्यालय पहुंचने से पहले ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया, जिससे पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक झड़पें होती रहीं।
बताया गया कि प्रदर्शन के दौरान मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की तुलना में पुलिस बल अधिक संख्या में तैनात था। शहर में भी कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित