नयी दिल्ली , फरवरी 10 -- 'गोलमाल' फ्रेंचाइजी का पांचवां संस्करण लेकर आ रहे रोहित शेट्टी ने कहा है कि 'गोलमाल 5' 'दो और दो पांच' पर आधारित नहीं है।
गरेलमाल-5 की शूटिंग मार्च 2026 से शुरू होने की उम्मीद है।
हालिया रिपोर्टों में यह कहा गया था कि निर्देशक अपनी फिल्म 'गोलमाल 5' के लिए क्लासिक कॉमेडी 'दो और दो पांच' की कहानी को समकालीन ट्विस्ट के साथ बनाने की योजना बना रहे थे। रोहित ने हालांकि अब स्पष्टीकरण जारी कर इन दावों को गलत बताया है। उन्होंने कहा, "फिल्म 'गोलमाल 5' 'दो और दो पांच' से प्रेरित या आधारित नहीं है। ये रिपोर्ट गलत है। हम सभी मीडिया हाउस, प्रकाशनों, पोर्टलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म से अपील करते हैं कि बिना सत्यापित जानकारी को प्रकाशित या प्रसारित करने से बचें।"बयान में आगे कहा गया, "रोहित शेट्टी या 'गोलमाल 5' से जुड़ी खबरों को प्रकाशित करने से पहले हमसे या आधिकारिक पीआर प्रतिनिधि से सत्यापित कर लें, नहीं तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी। हम यह भी अनुरोध करते हैं कि अभी चल रही गलत खबरें जल्द से जल्द ठीक कर ली जाए या हटा दी जाए।"फिल्म को लेकर अटकलें तब तेज हुईं, जब 'बॉलीवुड हंगामा' की रिपोर्ट में दावा किया गया कि पहचान बन चुकी कॉमेडी गोलमाल में शेट्टी अमिताभ बच्चन और शशि कपूर अभिनीत क्लासिक कॉमेडी 'दो और दो पांच' को नये ढंग से पेश करने की योजना बना रहे हैं।
रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से यह भी कहा गया कि 'सिंघम' के निर्देशक अक्सर क्लासिक हिंदी कॉमेडी फिल्मों से प्रेरणा लेते रहे हैं और उनके हिस्सों को अपनी फिल्म शृंखला में शामिल करते रहे हैं। 'गोलमाल 5' का निर्माण फरवरी के अंत तक फिल्म सिटी मुंबई में शुरू होने वाला है। निर्माता 2027 की शुरुआत में इसे रिलीज करने का लक्ष्य रख रहे हैं।
इस बीच शेट्टी के जुहू वाले घर के बाहर गोलियां चलने की घटना के बाद प्रोडक्शन के लिए सुरक्षा बड़ी चिंता बन गयी है। मुंबई पुलिस ने तब से उनके घर की सुरक्षा बढ़ा दी है और 'गोलमाल 5' फिल्म के सेट पर भी ऐसे ही कदम उठाने की योजना बना रही है।
प्रोडक्शन टीम 'कास्ट एवं क्रू' की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय पुलिस एवं शेट्टी के निजी सुरक्षाकर्मियों को शामिल कर कड़े सुरक्षा इंतजामों की तैयारी कर रही है।
रिपोर्टों के अनुसार, 'गोलमाल 5' में अजय देवगन और अक्षय कुमार के साथ-साथ इस फ्रेंचाइजी के नियमित कलाकार अरशद वारसी, कुणाल खेमू, शरमन जोशी और तुषार कपूर के होने की उम्मीद है। रिपोर्टों में यह दावा किया गया था कि शेट्टी का इरादा 'दो और दो पांच' को गोलमाल की दुनिया के हिसाब से फिर से तैयार करना था, जबकि फिल्म की पहचान बन चुकी कॉमेडी को बरकरार रखना था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित