भोपाल , मार्च 18 -- हिंदू नववर्ष के अवसर पर आयोजित "कर्मश्री" अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में शामिल होने के लिए प्रख्यात कवि डॉ. कुमार विश्वास आज दोपहर नियमित विमान सेवा से भोपाल पहुंचे।
राजधानी पहुंचने पर एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। हुजूर विधायक एवं कर्मश्री संस्था के अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा ने कार्यकर्ताओं के साथ पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला और नारेबाजी के बीच उनका स्वागत किया गया।
उल्लेखनीय है कि हिंदू नववर्ष के उपलक्ष्य में आज रात्रि 8 बजे अटल पथ, तात्या टोपे स्टेडियम मार्ग, टीटी नगर क्षेत्र में कर्मश्री संस्था द्वारा भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में डॉ. कुमार विश्वास के साथ हास्य कवि दिनेश बावरा, पैरोडीकार सुदीप भोला, अजय अंजाम, कुशल कुशलेन्द्र तथा कवियत्री सान्या राय सहित अन्य ख्यातनाम कवि शामिल होंगे।
आयोजन को लेकर शहर में व्यापक उत्साह है और इसमें 50 हजार से अधिक श्रोताओं के शामिल होने की संभावना जताई गई है। कार्यक्रम में बैठक व्यवस्था "पहले आओ, पहले पाओ" के आधार पर रखी गई है तथा किसी प्रकार के पास जारी नहीं किए गए हैं। आयोजकों ने लोगों से समय से पहले पहुंचकर आयोजन का आनंद लेने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित