भुवनेश्वर , जनवरी 19 -- ओडिशा सरकार ने राज्य के सभी प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ने वाले एक मजबूत सड़क नेटवर्क को विकसित करने के प्रयास तेज कर दिये हैं, जिसका मकसद आवागमन को बेहतर बनाना और समग्र विकास में तेजी लाना है।

कार्य विभाग के प्रधान सचिव संजय सिंह ने सोमवार को प्रमुख सड़क परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि पूरे ओडिशा में सड़क बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए केंद्रित उपाय किए जा रहे हैं। बैठक में कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के निर्माण और चौड़ीकरण की समीक्षा की गयी, जिसमें भुवनेश्वर के आसपास प्रस्तावित 111 किलोमीटर लंबे कैपिटल रीजन रिंग रोड पर विशेष जोर दिया गया।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों और अभियंताओं को परियोजना के कार्यान्वयन में तेजी लाने का निर्देश दिया, जिसमें भूमि अधिग्रहण को जल्दी से पूरा करना और आवश्यक वन तथा पर्यावरण मंजूरी प्राप्त करना शामिल है। कटक शहर में ट्रैफिक जाम को कम करने और भुवनेश्वर से जगतसिंहपुर और पारादीप तक सीधा सड़क संपर्क विकसित करने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को धकुलेई पीठ के पास से कंदरपुर तक एक नई ग्रीनफील्ड सड़क के लिए अलाइनमेंट प्लान और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने का निर्देश दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित