लखनऊ , फरवरी 27 -- एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) उत्तर प्रदेश द्वारा विभिन्न ऑपरेशनों के जरिये जब्त किए गए मादक पदार्थों के समयबद्ध विनष्टीकरण / निस्तारण के लिये यूपी पुलिस विशेष अभियान "ऑपरेशन दहन" चलाएगी। पहली मार्च से लेकर 31 मई तक प्रदेश के सभी जिलों में इसका समयबद्ध निस्तारण किया जाएगा।

शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय की तरफ से बयान जारी कर कहा गया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नशा मुक्त उत्तर प्रदेश के प्रभावी क्रियान्वयन के लिये, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा के निर्देशन में प्रदेश में जब्त/बरामद अवैध मादक पदार्थों को नष्ट किया जायेगा।

मुख्यालय की तरफ से कहा गया है कि अभियान के अंतर्गत न्यायालय से विनष्टीकरण के लिये अनुमति प्राप्त कर नियमानुसार विनिष्टीकरण की प्रक्रिया पूर्ण की जायेगी। जिसमें जनपदीय पुलिस प्रभारी डी सी पी कमिश्नरेट की व्यक्तिगत उपस्थिति में मादक पदार्थों का सुरक्षित विनष्टीकरण सुनिश्चित कराया जायेगा। संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी एवं विधिवत अभिलेखीकरण कर विनष्टीकरण कार्यवाही की पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित