मुंबई , अप्रैल 10 -- महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में इस समय 'ऑपरेशन टाइगर' को लेकर चर्चाएं हैं जिसने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले गुट (यूबीटी) के बीच जुबानी जंग को और तेज कर दिया है।
शिवसेना के प्रवक्ता और महाराष्ट्र के मंत्री संजय शिरसाट ने ठाकरे खेमे में बड़ी सेंधमारी का संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि 'ऑपरेशन टाइगर' की घोषणा ढोल-नगाड़ों के साथ नहीं की जाएगी, बल्कि सभी को इसका पता तब चलेगा, जब मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अपनी चाल चलेंगे।
श्री शिरसाट ने दावा किया कि इस ऑपरेशन के नतीजे एक महीने के भीतर दिखाई देंगे और चीजें अपने अंतिम चरण में हैं। उन्होंने जल्द ही यूबीटी गुट के भीतर एक बड़े 'धमाके' की भविष्यवाणी की।
ठाकरे गुट के नेताओं ने इन रिपोर्टों का जोरदार खंडन करते हुए शिंदे गुट पर पलटवार किया है। शिवसेना (यूबीटी) के नेता अरविंद सावंत ने स्पष्ट किया कि उनके या अन्य सांसदों के शिंदे गुट में शामिल होने की अफवाहें पूरी तरह निराधार हैं और ये सब बातें जनता को गुमराह करने के इरादे से फैलायी जा रही हैं।
वहीं यूबीटी सांसद संजय राउत ने 'ऑपरेशन टाइगर' की चर्चाओं को खारिज करते हुए कहा कि उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने श्री शिंदे की पार्टी को 'मृत शरीर' बना दिया है और फिलहाल वे उन्हीं पर 'ऑपरेशन' कर रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनके नौ सांसद एकजुट हैं और इस तरह की बातें निराधार हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित