पटना , अप्रैल 17 -- विश्व विरासत दिवस 18 अप्रैल की पूर्व संध्या पर बापू टावर, पटना एवं ए.एन. कॉलेज, पटना के संयुक्त तत्वावधान में "आज का संग्रहालय हमारी विरासत' विषय पर व्याख्यान-सह-आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
ए.एन. कॉलेज, पटना स्थित सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ ए.एन कॉलेज, पटना के संस्थापक स्व. अनुग्रह नारायण सिंह के तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
बापू टावर के उप निदेशक ललित कुमार सिंह ने सभागार में उपस्थित सभी अतिथियों एवं श्रोताओं का अभिनंदन किया। विषय प्रवेश के क्रम में बापू टावर के निदेशक विनय कुमार ने विश्व विरासत दिवस की महत्ता बताते हुए मूर्त-अमूर्त विरासतों के संरक्षण की बात कही। विभागाध्यक्ष, (हिन्दी) कलानाथ मिश्रने कहा कि विरासत से ही वर्तमान की भूमिका तैयार होती हैं इसलिए विरासतों को संजो कर रखना चाहिए, जिससे मनुष्यता कायम रह सके।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता और सह-संयोजक, इंटैक, शिव कुमार मिश्र ने बिहार ने विरासत के महत्व को बताया तथा बिहार के अनेक संग्रहालयों की विशेषताओं पर प्रकाश डाला।शैलेश कुमार सिंह, प्राचार्य ए.एन. कॉलेज, पटना ने अध्यक्षीय उद्बोधन के क्रम में सभ्यता एवं संस्कृति को विरासत का वाहक बताते हुए उसे सुरक्षित और संरक्षित रखने का सबसे उचित माध्यम, आज के संग्रहालय को बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित