हज़ारीबाग़ , फरवरी 22 -- झारखंड के हज़ारीबाग़ जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र के 13 माइल हजारीबाग रोड पर एक युवक की दर्दनाक मौत के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया।
घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे तथा दोषी वाहन चालक पर कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। मृतक की पहचान राजू कुमार (30 वर्ष), पिता उगन महतो, निवासी ग्राम बसरियाटोला, बड़कागांव के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि राजू कुमार की मौत कंपनी के वाहन की टक्कर से हुई है।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और हजारीबाग-बड़कागांव मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। जाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात बाधित हो गया।
हालांकि बाद में ग्रामीणों ने पब्लिक और निजी परिवहन से आने-जाने वाले वाहनों को सहमति देते हुए गुजरने की अनुमति दे दी। लेकिन जब तक मृतक के परिजनों को मुआवजा नहीं दिया जाता, तब तक कंपनी की कोयला ट्रांसपोर्टिंग पूरी तरह बंद रखने का निर्णय लिया गया है। कंपनी और प्रशासन से उचित मुआवजा और कार्रवाई की मांग को लेकर मृतक के परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर डटे हुए थे। पुलिस भी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति को संभालने का प्रयास कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित