कानपुर , मार्च 01 -- उत्तर प्रदेश के कानपुर में आगामी होलिका दहन, होली एवं ईद के त्योहारों के मद्देनजर शांति, सौहार्द एवं सुदृढ़ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से रिजर्व पुलिस लाइन में बलवा ड्रिल का आयोजन किया गया। यह अभ्यास पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) श्री अतुल कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व एवं पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ। इसमें सेंट्रल जोन के समस्त थानों से आए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। ड्रिल के दौरान किसी भी संभावित आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने तथा त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने का अभ्यास कराया गया। पुलिस बल को दंगा नियंत्रण की मानक कार्यप्रणाली (एसओपी) के अनुरूप प्रशिक्षण दिया गया।

अभ्यास में भीड़ नियंत्रण, क्षेत्र की घेराबंदी, उपद्रवियों की पहचान तथा विधिक प्रक्रिया के अंतर्गत गिरफ्तारी की कार्रवाई का चरणबद्ध प्रदर्शन किया गया। साथ ही अश्रु गैस, रबर बुलेट, बॉडी प्रोटेक्टर, हेलमेट एवं शील्ड जैसे दंगा नियंत्रण उपकरणों के सुरक्षित और नियंत्रित प्रयोग का प्रशिक्षण भी दिया गया। वायरलेस संचार प्रणाली के माध्यम से आपसी समन्वय, त्वरित सूचना आदान-प्रदान तथा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के पालन का अभ्यास भी कराया गया। संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने, नियमित गश्त बढ़ाने तथा फ्लैग मार्च सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि के प्रति शून्य सहनशीलता (जीरो टॉलरेंस) की नीति अपनाई जाएगी तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित