सूरजपुर, फरवरी 27 -- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में होली पर्व के मद्देनजर पुलिस ने कानून-व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। त्योहार के दौरान सड़कों पर किसी भी प्रकार के हुड़दंग या उपद्रव को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक सह पुलिस उप महानिरीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पुलिस से आज मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में आज (शुक्रवार) आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में डीआईजी ने सभी थाना-चौकी प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में मुख्य रूप से होली पर्व के दौरान सुरक्षा इंतजाम, यातायात व्यवस्था और लंबित पड़े मामलों के निराकरण पर चर्चा की गई। डीआईजी ठाकुर ने कहा कि होलिका दहन की रात और होली के दिन शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जाए और ब्रीथ एनालाइजर से जांच की जाए।
डीआईजी ने स्पष्ट किया कि नशे की हालत में वाहन चलाना, स्टंटबाजी करना, तेज रफ्तार से गाड़ी चलाना या किसी भी प्रकार का यातायात नियम उल्लंघन बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने कहा कि मॉडिफाइड साइलेंसर और तेज आवाज में संगीत बजाने वालों के खिलाफ भी तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित करने और गणमान्य नागरिकों से संवाद कर त्योहार को शांतिपूर्वक मनाने की अपील करने को कहा।
अपराध समीक्षा के दौरान डीआईजी ने लंबित अपराधों और जांच के मामलों की प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया। विशेष रूप से धारा 173 (8) के लंबित मामलों के निराकरण की धीमी गति पर उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों का गंभीरता से और विधिसम्मत तरीके से जल्द से जल्द निराकरण सुनिश्चित किया जाए। आरोपियों की पतासाजी और गिरफ्तारी के लिए ठोस रणनीति बनाने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रभारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि थानों में आने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और उनके निराकरण में लापरवाही न बरती जाए। समन और वारंट की तामील में तेजी लाने और निगरानी सूची के बदमाशों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया। इसके साथ ही एनडीपीएस एक्ट के मामलों की विवेचना में सिरे से सिरे तक जांच करने और ध्वनि प्रदूषण की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। डीआईजी ने थाना प्रतापपुर और चंदौरा द्वारा किए जा रहे बेहतर कार्यों की सराहना भी की।
डीआईजी प्रशांत कुमार ठाकुर ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे होली का त्योहार मर्यादा और सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं, यातायात के नियमों का पालन करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 94791-93999 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी सहित जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित