शाहजहांपुर , फरवरी 27 -- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में होली पर निकलने वाले प्राचीन 'लाट साहब' के जुलूस को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। इसके तहत 3500 लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने शुक्रवार को बताया कि बड़े तथा छोटे लाट साहब के जुलूस मार्ग पर पड़ने वाली इमारतों और भवनों पर इस बार सशस्त्र पुलिस बल तैनात रहेगा, जो पूरे जुलूस पर निगरानी रखेगा। उन्होंने बताया कि नगर क्षेत्र में 3500 लोगों को हैसियत के अनुसार विभिन्न धनराशि से पाबंद किया गया है। इसके अलावा 500 व्यक्तियों को रेड कार्ड जारी किए गए हैं। रेड कार्ड धारकों को घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी। आदेश का उल्लंघन करने पर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने बताया कि 25 चिन्हित अपराधियों को होली से पहले जिला बदर किया जाएगा। साथ ही निरोधात्मक कार्रवाई में शामिल 1000 ऐसे लोगों को भी चिन्हित किया गया है, जिनके विरुद्ध वारंट तैयार रखे जाएंगे और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल गिरफ्तारी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा दो दिन पूर्व सभी धर्मों के नागरिकों के साथ बैठक की जा चुकी है। शुक्रवार शाम को अपर पुलिस महानिरीक्षक और मंडलायुक्त भी पीस कमेटी की बैठक लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
श्री द्विवेदी ने लोगों से होली का त्योहार शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अराजकता या उपद्रव की स्थिति में पुलिस सख्ती से निपटेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित