नयी दिल्ली , मार्च 03 -- भारतीय रेलवे ने होली के अवसर पर देशभर में बढ़ी हुई यात्री भीड़ को ध्यान में रखते हुए यात्रियों के लिए सुगम और समयबद्ध रेल-यात्रा सुविधा सुलभ कराने के लिए दो एवं तीन मार्च को भी अपनी उच्च स्तरीय परिचालन तैयारियाँ बनाए रखीं।

भारतीय रेल की ओर से मंगलवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि होली पर यात्रियों की भीड़ से निपटने के लिए रेलवे के विभिन्न जोनों में विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।

रेलवे की विज्ञप्ति के अनुसार होली के ठीक पहले तीन दिन में उत्तर पश्चिम रेलवे के अधिकार क्षेत्र के स्टेशनों से 55 लाख से अधिक यात्रियों ने यात्रा की। विशेष रूप से एक एवं दो मार्च को लगभग 11 लाख यात्रियों ने यात्रा की, जिनके लिए 21 फेरे नई विशेष ट्रेनों के संचालित किए गए। इसके अतिरिक्त 30 विशेष ट्रेनों (कुल 216 फेरे) की परिचालन अवधि बढ़ाई गई। मार्च माह में बढ़ती मांग को देखते हुए 53 नियमित ट्रेनों में विभिन्न श्रेणियों के 141 अतिरिक्त कोच जोड़े गए।

रेलवे ने कहा है कि प्रमुख स्टेशनों पर सुव्यवस्थित कतार प्रबंधन, चरणबद्ध बोर्डिंग तथा प्रभावी भीड़ नियंत्रण उपाय लागू किए गए हैं। रेलवे कर्मी, आरपीएफ टीम एवं रेल कर्मयोगी निरंतर निगरानी रखते हुए यात्री संचालन का पर्यवेक्षण कर रहे हैं तथा वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांग एवं महिला यात्रियों को आवश्यक सहायता प्रदान कर रहे हैं। व्यस्त स्टेशनों पर सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों की भी तैनाती की गई है।

रेलवे ने गोरखपुर, समस्तीपुर, योग नगरी ऋषिकेश, अमृतसर, मैसूरु, काकीनाडा, गोमती नगर, भावनगर टर्मिनस, हावड़ा, तिरुपति, मऊ, साबरमती, दानापुर, आसनसोल, चेन्नई एग्मोर, वडोदरा एवं कोलकाता सहित विभिन्न गंतव्यों के लिए नई विशेष ट्रेनों के 295 फेरों के परिचालन की घोषणाएं की हैं।

होली से पूर्व सप्ताह में गोरखपुर, मैसूरु, काकीनाडा, भावनगर टर्मिनस, हावड़ा, तिरुपति, दानापुर, कोलकाता, साबरमती एवं असरवा जैसे प्रमुख गंतव्यों हेतु विशेष ट्रेनों के 54 फेरे संचालित किए गए।

एटीवीएम एवं रेलवे ऐप के माध्यम से टिकट खरीद को प्रोत्साहित करने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। रेलवे ने कहा है कि विशेष ट्रेनों का समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने हेतु मुख्यालय एवं मंडल स्तर पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निरंतर निगरानी की गई। त्योहारी भीड़ के प्रभावी नियंत्रण के लिए दिन-रात वार रूम भी सक्रिय हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित