गौरेला-पेंड्रा-मरवाही , मार्च 05 -- रंगों के त्योहार होली के दिन पेंड्रा जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर हुई हिंसक घटनाओं ने उत्सव का माहौल गम में बदल दिया। मरवाही और गौरेला थाना क्षेत्रों में पारिवारिक विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जिसमें एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, वहीं दूसरी घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली घटना मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम कटरा के धनुहारीटोला की है। यहां 65 वर्षीय फूलमतिया बाई धनुहार की उनके बेटे दलबीर सिंह ने कथित रूप से गला दबाकर हत्या कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला के खाते में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण के लिए राशि स्वीकृत हुई थी। आरोपी बेटा उस राशि और पैतृक जमीन में अधिक हिस्सेदारी की मांग कर रहा था।
परिवार में इस मुद्दे को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। होली के दिन शराब के नशे में धुत्त दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला हिंसा तक पहुंच गया। देर रात हुई इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मरवाही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की विवेचना की जा रही है।
दूसरी घटना गौरेला थाना क्षेत्र के पड़खुरी पिपरिया गांव की है। यहां होली मनाने आए बिरजू अगरिया ने कथित तौर पर अपनी पत्नी राधा अगरिया पर कुल्हाड़ी (टंगिया) से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि दंपति के बीच शराब सेवन के बाद विवाद हुआ, जो देखते ही देखते उग्र हो गया।
आरोप है कि पति ने पत्नी के सिर, कान, गर्दन और पीठ पर वार किए। बीच-बचाव करने पहुंचे एक ग्रामीण को भी चोट आई। घटना के बाद आरोपी जंगल की ओर भाग गया लेकिन ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
घायल महिला और अन्य घायल व्यक्ति को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गौरेला पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
दोनों घटनाओं ने जिले में सुरक्षा और सामाजिक सरोकारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। त्योहार के दिन हुई इन वारदातों से स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित