रायबरेली , मार्च 6 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के बछरांवा क्षेत्र में होली और रमजान के दौरान किन्नर समाज और दूसरे समुदाय के लोगों के बीच विवाद हो गया, जो देखते-देखते पथराव में बदल गया। घटना में करीब आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को बताया कि किन्नर समाज के लोग होली का त्योहार मना रहे थे और डीजे बजाकर रंग खेल रहे थे। उनके साथ उनके ड्राइवर और कुछ मित्र भी होली खेल रहे थे। इसी बात को लेकर दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने आपत्ति जताई कि उनके समुदाय के लोग किन्नर समाज के साथ होली क्यों खेल रहे हैं।

बताया जाता है कि इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। किन्नर समाज के लोगों ने आपत्ति के बाद डीजे बंद कर दिया, लेकिन इसके बावजूद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो गया, जो बाद में पथराव में बदल गया।

घटना में किन्नर समाज के पक्ष के करीब आठ लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। किन्नर समाज की गौरी ने आरोप लगाया कि उनके होली मनाने पर ही आपत्ति की गई और विवाद के दौरान दूसरे पक्ष के कुछ लोग घातक हथियार लेकर भी आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने तथा अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित