चंडीगढ़ , मार्च 05 -- होली के बाद मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है। पिछले कुछ दिनों से सुबह और शाम के समय तापमान में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है, जबकि दिन के समय गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। तापमान में दिन प्रतिदिन बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को दोपहर के समय गर्मी का अहसास होने लगा है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार हालांकि लोगों के लिए कुछ राहत की बात यह है कि सुबह और देर शाम के समय तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल रही है। इस वजह से सुबह और शाम का मौसम अभी भी अपेक्षाकृत सुहावना बना हुआ है लेकिन दोपहर के समय धूप तेज होने लगी है, जिससे बाजारों और सड़कों पर निकलने वाले लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने और साफ आसमान के कारण दिन के तापमान में तेजी से इजाफा हो सकता है। इसके कारण आने वाले दिनों में गर्मी अचानक बढ़ सकती है।

विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि मार्च के दूसरे सप्ताह से गर्मी का असर और अधिक देखने को मिल सकता है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय धूप से बचाव करने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है। फिलहाल मौसम में सुबह-शाम हल्की ठंडक और दिन में बढ़ती गर्मी का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है, जो आने वाले दिनों में पूरी तरह गर्मी में तब्दील हो सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित