भरतपुर , फरवरी 20 -- राजस्थान में भरतपुर जिले में होली, धुलण्डी, रमजान के महीने सहित ईद के अवसर पर आपसी सौहार्द एवं भाईचारे का आग्रह करते हुए जिला पुलिस एवं जिला प्रशासन ने कई मामलों में सख्ती बरते जाने के संकेत दिए हैं।

कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को आयेजित जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में जिला कलक्टर कमर चौधरी एवं जिला पुलिस अधीक्षक दिगंत आनन्द ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर विद्यार्थियों की सुविधा के लिए तेज अवाज में बजने वाले डीजे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ रात्रि 10 बजे बाद एवं तेज आवाज में डीजे बजते पाये जाने पर उसे सीज करते हुये मैरिज होम संचालक को भी जिम्मेदार माना जायेगा।

उन्होंने बताया कि मोटर साईकिलों के साईलेंसर से फटाके की आवाज निकालते पाये जाने पर मोटरसाईकिल सीज होने के साथ चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। दुपहिया वाहन चालकों द्वारा हैलमेट नहीं पहनने पर चालान होगा। वाहनों की खराब नम्बर प्लेट या नारे लिखे होने पर कार्रवाई होगी। त्यौहारों के अवसर पर शराब पीकर बाहर निकलने वाले अथवा वाहन चलाने वाले नागरिकों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। अवैध शराब ठेकों की जांच के लिये भी सभी थानों में निर्देशित किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित