लंदन , मार्च 16 -- ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने सोमवार को कहा कि ब्रिटेन अपने सहयोगियों के साथ मिलकर हॉर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की योजना पर काम कर रहा है, लेकिन वह किसी व्यापक युद्ध में शामिल नहीं होगा।
श्री स्टार्मर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि ब्रिटेन अमेरिका के साथ-साथ यूरोप और खाड़ी देशों के सहयोगियों के साथ इस क्षेत्र में ब्रिटेन के पास मौजूद 'माइन-हंटिंग' ड्रोन के इस्तेमाल की संभावना पर चर्चा कर रहा है। हालांकि, उन्होंने संकेत दिया कि ब्रिटेन द्वारा युद्धपोत भेजे जाने की संभावना कम है।
ब्रिटिश प्रधानमंत्री की यह टिप्पणी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के बाद आई है जिसमें श्री ट्रंप ने मांग की थी कि अमेरिकी सहयोगियों को तेल परिवहन के इस प्रमुख मार्ग को खोलने के लिए अपने युद्धपोत भेजने चाहिए।
श्री ट्रंप ने रविवार को कहा था कि अमेरिका हॉर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित करने में मदद के लिए सात देशों के साथ बातचीत कर रहा है। उन्होंने खाड़ी के तेल पर निर्भर देशों से इस संकीर्ण लेकिन रणनीतिक समुद्री गलियारे में समुद्री परिवहन की सुरक्षा में सहायता करने का आग्रह किया है।
श्री स्टार्मर ने बताया कि विदेश मंत्री यवेट कूपर पिछले कुछ दिनों से इस क्षेत्र के दौरे पर हैं। ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने बताया कि उन्होंने आज सुबह कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से मुलाकात की है और जल्द ही युक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से भी मिलेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित