नयी दिल्ली , अप्रैल 20 -- हॉकी इंडिया ने भोपाल में स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) केन्द्र में शुरु होने वाले आगामी अंडर-18 राष्ट्रीय कोचिंग शिविर के लिए 84 खिलाड़ियों (42 पुरुष और 42 महिला) के नामों की घोषणा कर दी है।

खिलाड़ियों का चयन हाल ही में संपन्न हुई 16वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप के आधार पर किया गया है।

उच्च प्रदर्शन मानकों को सुनिश्चित करने के लिए, शुरुआती 42-सदस्यीय समूहों को एक सप्ताह के मूल्यांकन के बाद घटाकर 24 खिलाड़ी कर दिया जाएगा, और वे एक गहन प्रशिक्षण सत्र का हिस्सा होंगे। यह प्रशिक्षण सत्र 29 मई से छह जून तक जापान में होने वाले पुरुष और महिला अंडर18 एशिया कप काकामिगहारा 2026 की अंतिम तैयारियों का हिस्सा है।

इस शिविर की एक मुख्य बात साइ भोपाल में होने वाली एक्सपोजर सीरीज होगी, जहां भारतीय पुरुष और महिला अंडर-18 टीमें 11 से 21 मई तक ऑस्ट्रेलिया की अंडर-18 टीमों के खिलाफ अभ्यास मैच खेलेंगी। यह कैंप उन टीमों के अंतिम चयन के लिए एक मंच का काम करेगा जो अंडर 18 एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

रानी रामपाल को महिला टीम का कोच बनाया गया है, जबकि सरदार सिंह और रजनीश मिश्रा पुरुष कैंप की कमान संभालेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित