नयी दिल्ली , नवंबर 07 -- भारतीय हॉकी के 100 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में हुए प्रदर्शनी मुकाबले में स्पोर्ट्स मिनिस्टर इलेवन ने हॉकी इंडिया इलेवन को 3-1 से हराया।
आज यहां आयोजित समारोह के दौरान में पुरुष एफआईएच हॉकी जूनियर वर्ल्ड कप 2025 टूर्नामेंट की ट्रॉफी का अनावरण किया गया। यह टूर्नामेंट 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक तमिलनाडु के चेन्नई और मदुरै शहरों में खेला जाएगा। इस अवसर पर तमिलनाडु के खेल मंत्री उदय निधि मारन, केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ,अंतरराष्ट्रीय हॉकी फेडरेशन के अध्यक्ष दातो तैयब इकराम मौजूद थे।
भारतीय हॉकी के शताब्दी समारोह के अवसर पर स्पोर्ट्स मिनिस्टर इलेवन और हॉकी इंडिया इलेवन के बीच एक प्रदर्शनी मैच का आयोजन हुआ। जिसे स्पोर्ट्स मिनिस्टर इलेवन ने जीता। इस दौरान केन्द्रीय खेल मंत्री डा. मनसुख मांडविया, खेल राज्यमंत्री रक्षा निखिल खडसे, केन्द्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने हॉकी का आंनद लिया।
इस अवसर पर हॉकी के 100 वर्षो के इतिहास गौरवशाली यात्रा को दर्शाने के लिए एक विशाल फोटो प्रदर्शनी में 1928 के एम्स्टर्डम ओलंपिक से लेकर आधुनिक दौर की दुर्लभ तस्वीरें, ओलंपिक झलकियां और प्रदर्शित यादगार वस्तुओं का केन्द्रीय खेल मंत्री डा. मनसुख मांडविया, खेल राज्यमंत्री रक्षा निखिल खडसे, केन्द्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने मुआयना किया और हॉकी के इतिहास को जाना। इस दौरान हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की और हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ झा भी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित