आकलैंड , जनवरी 23 -- न्यूज़ीलैंड के तेज गेंदबाज एडम मिल्ने एसए 20 के दौरान लगी हैमस्ट्रिंग चोट के कारण 2026 टी20 विश्व कप से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह टीम में काइल जेमीसन को शामिल किया गया है।
मिल्ने को यह चोट पिछले रविवार सनराइजर्स ईस्टर्न केप के लिए खेलते हुए एमआई केप टाउन के ख़िलाफ लगी थी। स्कैन में मांसपेशियों में खिंचाव की बात सामने आई। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 16.27 की औसत और 7.61 की इकॉनमी से 11 विकेट लिए थे।
न्यूज़ीलैंड के प्रमुख कोच रॉब वॉल्टर ने कहा, "हम सभी एडम के लिए बेहद निराश हैं। उन्होंने टूर्नामेंट के लिए ख़ुद को तैयार करने में काफ़ी मेहनत की थी और ईस्टर्न केप सनराइजर्स के लिए अपने आठ मैचों में वह अपनी बेहतरीन फ़ॉर्म में लौटते हुए दिख रहे थे। उनके लिए यह दुर्भाग्यपूर्ण समय है और हम उनके जल्द ठीक होने की कामना करते हैं।"जेमीसन इस समय भारत दौरे पर टीम का हिस्सा हैं। उन्हें विश्व कप के ट्रैवलिंग रिजर्व से मुख्य दल में शामिल किया गया है। 31 जनवरी तक दल में बिना रोकटोक बदलाव किए जा सकते हैं, उसके बाद किसी भी बदलाव के लिए आईसीसी की मंज़ूरी जरूरी होगी।
वॉल्टर ने कहा, "यह हमारे लिए अच्छी बात है कि काइल पहले से ही भारत में हमारे साथ हैं। वह हमारे तेज गेंदबाज़ी समूह का अहम हिस्सा हैं और इस दौरे पर उन्होंने प्रभाव डाला है। वह मेहनती खिलाड़ी हैं और उनके पास अच्छे कौशल और अनुभव हैं, जो टूर्नामेंट में उनके काम आएंगे।"जेमीसन ने पिछले साल पीठ की चोट से उबरकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की थी। इस महीने की शुरुआत में भारत के ख़िलाफ पहले वनडे में 41 रन देकर 4 विकेट लेकर अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था।
न्यूज़ीलैंड पहले ही यह घोषणा कर चुका है कि मैट हेनरी और लॉकी फर्ग्यूसन टी20 विश्व कप के दौरान पितृत्व अवकाश लेकर कुछ समय के लिए टीम से बाहर हो सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित