हैदराबाद , फरवरी 13 -- तेलंगाना नगर निगम चुनावों में कांग्रेस के शानदार जीत की ओर बढ़ने पर शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय गांधी भवन में जश्न मनाया गया।

शुरुआती रुझान और नतीजे सामने आने पर पार्टी कार्यकर्ता एवं नेता झंडे लहरकर नारे लगाते हुए गांधी भवन में इकट्ठा हो गये।

इस मौके पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक साथ केक काटे, पटाखे फोड़े और मिठाइयां बांटीं। परिसर ''मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ज़िंदाबाद'', ''टीपीसीसी प्रमुख महेश कुमार गौड़ ज़िंदाबाद'', ''राहुल गांधी ज़िंदाबाद'' और ''मल्लिकार्जुन खरगे ज़िंदाबाद'' जैसे नारों से गूंज उठा।

पार्टी नेताओं ने इस शानदार प्रदर्शन का श्रेय मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के नेतृत्व और टीपीसीसी अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ के संगठनात्मक प्रयासों को दिया। कई नेताओं ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन और ज़मीनी स्तर पर खास कोशिशों से कांग्रेस ने राज्य में अपनी स्थिति मज़बूत की है।

कार्यकर्ताओं और नेताओं ने भरोसा जताया है कि तेलंगाना के लोगों ने कांग्रेस सरकार को विकास , पारदर्शी शासन , कल्याणकारी कार्यक्रमों और बुनियादी उन्नति पर ज़ोर देने के लिए समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि चुनावी जनादेश पार्टी की नीतियां और नेतृत्व में जनता के भरोसे को दिखाता है।

पार्टी सूत्रों का मानना है कि निगम चुनाव के नतीजे आने वाले चुनावों में कांग्रेस के लिए एक मज़बूत नींव देंगे। नेताओं ने दोहराया कि सरकार गांव और शहर दोनों की आबादी की उम्मीदों के अनुसार काम करती रहेगी और तेलंगाना को लगातार विकास के रास्ते पर आगे ले जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित