हैदराबाद , फरवरी 11 -- हैदराबाद पुलिस ने 70 किलोग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जिसकी अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये है।

अतिरिक्त उपायुक्त पुलिस (टास्क फोर्स- पश्चिम व दक्षिण पश्चिम ज़ोन) एमडी इकबाल सिद्दीकी ने बुधवार को जारी एक बयान में यह बताया कि कमिश्नर टास्क फोर्स (वेस्ट ज़ोन) और एसआर नगर की संयुक्त कार्रवाई में यह गिरफ्तारी हुई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मैनियल दलाबेहरा (30), निवासी गजपति जिला, ओडिशा, और इस्माइल रैता (48), वर्तमान निवासी मेडचल, हैदराबाद (मूल निवासी गजपति, ओडिशा) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 70 किलो गांजा और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी मैनियल दलाबेहरा ने कथित तौर पर आर्थिक तंगी के चलते अपने पिता की करीब आधा एकड़ कृषि भूमि पर गांजा की खेती शुरू की। कहा जा रहा है कि उसने यह काम अपने रिश्तेदार रिनीता रैता की मदद से किया।

दूसरा आरोपी इस्माइल रैता भी ओडिशा के गंजाम जिले का ही मूल निवासी है, वह नवंबर 2024 में रोजगार की तलाश में पत्नी के साथ हैदराबाद आया था। उसे मेडचल स्थित एक औद्योगिक इकाई में फिटर की नौकरी मिली। इसी दौरान रिनीता रैता ने उसे गांजा की खेती के बारे में बताया और हैदराबाद में इसकी बिक्री करने का अनुरोध किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित