हैदराबाद , मार्च 29 -- तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने युवाओं का आह्वान किया है कि वे नशे से दूर रहकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देें। उन्होंने शरीर की फिटनेस के साथ ध्यान लगाने के महत्व पर भी बल दिया।

वह यहां 'युवा भारत रन 2026' कार्यक्रम में आए लोगों को संबोधित कर रहे थे। नेकलेस रोड पर आयोजित कार्यक्रम में 10,000 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लेकर फिटनेस, एकता और स्वस्थ जीवन शैली का संदेश दिया। निजी क्षेत्र एवं युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत सुबह छह बजे हुई और प्रतिभागियों ने विभिन्न श्रेणियों में हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला, पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी, राज्य आईटी मंत्री डी. श्रीधर बाबू, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। फिल्म अभिनेता शरवानंद, एमएलसी माल्का कोमुरैया और अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दौड़ को हरी झंडी दिखाई और युवाओं को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं और शिक्षा की भूमिका पर बोलते हुए युवाओं को अपनी संस्कृति से जुड़े रहने, मातृभाषा बोलने, माता-पिता और शिक्षकों का सम्मान करने तथा अनुशासन बनाए रखने की सलाह दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित