हैदराबाद , अप्रैल 18 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव को मुख्यमंत्री आवास की ओर विरोध मार्च करने से रोकने के लिए शनिवार को घर में नजरबंद कर दिया गया। यह विरोध मार्च संसद में पेश हुए महिला आरक्षण विधेयक के गिरने के मामले में आयोजित किया जाना था।

श्री राव ने मुख्यमंत्री आवास तक विरोध मार्च का आह्वान किया था, हालांकि पुलिस ने उन्हें उनके घर पर ही रोक दिया। नजरबंदी के दौरान श्री राव ने कहा,"हम कांग्रेस को नहीं छोड़ेंगे, जिसने महिला सशक्तिकरण के साथ विश्वासघात किया है।"उन्होंने कहा कि विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाला विधेयक संसद में पेश किया गया, तो कांग्रेस पार्टी ने इसका विरोध किया और इसके खिलाफ मतदान किया, जिससे महिला आरक्षण की राह में बाधा उत्पन्न हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित