हैदराबाद , जनवरी 25 -- तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के एक फर्नीचर शोरूम में लगी आग से दो बच्चों सहित पांच लोगों की मौत हो गयी है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

शहर के नामपल्ली स्टेशन रोड स्थित एक फर्नीचर शोरूम में शनिवार को यह भीषण आग लगी थी। राज्य के राजस्व मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिजनों के लिए पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। इसके साथ ही हैदराबाद की जिलाधिकारी हरि चंदना को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत सुनिश्चित की जाए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह भीषण आग दुकान मालिक की लापरवाही के कारण लगी। मंत्री ने बताया कि आरोपी दुकान मालिक को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कलेक्टर को व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित