हैदराबाद , फरवरी 10 -- तेलंगाना में हैदराबाद के अट्टापुर इलाके में मंगलवार तड़के एक कार शोरूम सर्विस सेंटर में भीषण आग लग गयी, जिससे यहां के निवासियों में दहशत फैल गयी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना आदर्श ऑटोमोबाइल सुजुकी कार शोरूम सर्विस सेंटर में हुई। आग की चपेट में आकर शोरूम में खड़ी कम से कम तीन कारें जलकर खाक हो गयीं। पास की एक अपार्टमेंट बिल्डिंग के निवासियों ने आग देखी और तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी।
दमकल कर्मियों और पुलिस ने दो दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया और आग को आसपास की इमारतों में फैलने से रोक दिया।
इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित