कोलकाता , अप्रैल 02 -- हेनरिक क्लासेन (52) के अर्धशतक और अभिषेक शर्मा (48), ट्रेविस हेड (46) तथा नीतीश कुमार रेड्डी (39) की शानदार पारियों के बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने गुरूवार को आईपीएल के छठे मुकाबले में कोलकाता नाईट राइडर्स को 65 रनों से शिकस्त दी।

227 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता नाईट राइडर्स के बल्लेबाज सनराइर्ज हैदराबाद के गेंदबाजी आक्रमण का सामना नहीं कर सके और उनकी पूरी टीम 16 ओवर में 161 के स्कोर पर ढ़ेर हो गई। सनराइजर्स ने यह मुकाबला 65 रनों से जीत लिया। कोलकाता के लिए कप्तान अजिंक्य रहाणे और फिन ऐलन की जोड़ी ने तेज शुरुआत की। लेकिन दूसरे ही ओवर में हर्ष दुबे ने फिन ऐलन सात गेंदों में (28) रन को अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर पवेलियन भेज दिया। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और दो छक्के लगाये। इसके बाद पांचवें ओवर में जयदेव उनादकट ने अजिंक्य रहाणे (आठ) को आउटकर सनराइजर्स हैदराबाद को दूसरी सफलता दिलाई। अंगकृष रघुवंशी और रिंकू सिंह ने पारी को संभालने का प्रयास किया और तेजी के साथ रन भी बटोरे, लेकिन 11वें ओवर में अंगकृष रघुवंशी के रनआउट होने के बाद केकेआर की पारी बिखरती चली गई। अंगकृष रघुवंशी ने 29 गेंदों में छह चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 52 रनों की पारी खेली। रमनदीप सिंह (10) , सुनील नारायण (12) और रिंकू सिंह 25 गेंदों में (35) रन बनाकर आउट हुये। केकेआर के छह बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके।

सनराइजर्स हैदराबाद के लिए जयदेव उनादकट ने तीन विकेट लिये। नीतीश कुमार रेड्डी, इशान मलिंगा को दो-दो विकेट मिले। हर्ष दुबे ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां हेनरिक क्लासेन (52) के अर्धशतक और अभिषेक शर्मा (48), ट्रेविस हेड (46) तथा नीतीश कुमार रेड्डी (39) की बेहतरीन पारियों के दम पर आठ विकेट पर 226 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया । क्लासेन ने 35 गेंदों में चार चौके और एक छक्का लगाया,अभिषेक ने 21 गेंदों में चार चौके और चार छक्के मारे, हेड ने 21 गेंदों में छह चौके और तीन छक्के लगाए जबकि नीतीश रेड्डी ने 24 गेंदों में चार चौके और एक छक्का लगाया। हेड और अभिषेक ने ओपनिंग साझेदारी में 82 रन की तेज शुरुआत दी। क्लास्डेन और नीतीश ने 53 गेंदों में 82 रन की साझेदारी की। केकेआर की तरफ से ब्लेसिंग मुजरबानी ने 41 रन देकर सर्वाधिक चार विकेट झटके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित