हैदराबाद , मार्च 31 -- राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) और कस्टम्स अधिकारियों ने संयुक्त अभियान में बैंकॉक से हैदराबाद पहुंचे दो यात्रियों से 25.45 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक कैनबिस (गांजा) जब्त किया है।

विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर डीआरआई हैदराबाद जोनल यूनिट (एचजेडयू) के अधिकारियों ने हैदराबाद कस्टम्स की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) के साथ मिलकर दोनों भारतीय यात्रियों को एयरपोर्ट पर उतरते ही रोका।

उनके सामान की गहन तलाशी में हरे रंग के गांठदार पदार्थ वाले पैकेट बरामद किए गए। इनकी जांच की गयी तो ये परीक्षण में हाइड्रोपोनिक गांजा सिद्ध हुआ।

लगभग 8.9 करोड़ मूल्य का यह नशीला पदार्थ जब्त कर लिया गया और दोनों यात्रियों को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।

डीआरआई ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि मामले की आगे की जांच चल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित