श्रीगंगानगर , मार्च 18 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में कबड्डी के पूर्व खिलाड़ी को नशीला पदार्थ हेरोइन रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने बुधवार को बताया कि मंगलवार को देर रात बसंती चौक के पास पैदल जा रहे मनप्रीतसिंह उर्फ मनी बराड (29) को 31.61 ग्राम हेरोइन ले जाते पकड़ा गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मनप्रीतसिंह करीब चार वर्ष पहले अवैध रूप से नशीली गोलियां रखने के आरोप में पकड़ा गया था। वह करीब चार वर्ष जेल में रहा और कुछ ही दिन पहले जमानत पर रिहा हुआ था। वह नशा करने का आदी है। पूछताछ में पता चला कि वह पंजाब के निकटवर्ती सरवर खुइयां कस्बे में किसी युवक से यह हेरोइन लेकर आया था।
उधर, सादुलशहर में पुलिस ने मंगलवार देर रात रानीदेवी (50) से 8.28 ग्राम हेरोइन और उसकी बिक्री से प्राप्त 2500 रुपए बरामद किये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित