श्रीगंगानगर , फरवरी 02 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के श्रीकरणपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस ने एक दंपती सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार करके उनसे 100 ग्राम हेरोइन बरामद की।
श्रीकरणपुर के उप पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्रसिंह ने बताया कि दोपहर में श्रीगंगानगर से एक कार में श्रीकरणपुर की ओर आ रहे तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। इनके कब्जे से 100 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जसवीरसिंह उर्फ मोनी (38), उसकी पत्नी वीरपालकौर (34) और चालक राजूसिंह (50) के रूप में हुई है।
इसी प्रकार समेजा कोठी थाना क्षेत्र के चक 43-पीएस में वाटर वर्क्स के पास रविवार को देर शाम पुलिस ने गुरविंदरसिंह जटसिख (35) से 113 ग्राम हेरोइन बरामद की है। प्रारंभिक पूछताछ में गुरविंदरसिंह ने बताया कि यह हेरोइन उस चार किलो हेरोइन का हिस्सा है, जो करीब एक महीने पहले रावला थाना क्षेत्र में बरामद हुई थी।
उल्लेखनीय है कि दो जनवरी को चार किलो 88 ग्राम हेरोइन और एक ड्रोन बरामद किया गया था। सूत्रों के अनुसार यह हेरोइन पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारत में गिराई गई थी, लेकिन ड्रोन तस्करों के नियंत्रण से बाहर होकर गिर गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित