साना , मार्च 06 -- यमन के हूती समूह के नेता अब्दुल मलिक अल-हूती ने कहा है कि वे ईरान के साथ खड़े हैं और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
हूती नियंत्रित 'अल-मसीरा' टीवी चैनल पर प्रसारित एक टेलीविजन भाषण में श्री मलिक ने गुरुवार को कहा, "अगर घटनाक्रम की मांग हुई, तो किसी भी क्षण हमारी उंगलियां ट्रिगर पर होंगी।" उन्होंने इसे केवल किसी एक पक्ष के संघर्ष के बजाय 'पूरे देश की लड़ाई' बताया है।
हुती नेता ने कहा कि इजरायल और उसके तमाम साथियों का इरादा 'बिना किसी नियंत्रण, प्रतिबंध या प्रतिबद्धता के देश के स्वतंत्र लोगों के खिलाफ खुली जंग छेड़ना है।'श्री मलिक ने चेतावनी दी कि 'दुश्मन' ठिकानों की एक सूची तैयार कर रहा है और कुछ अरब देशों से वित्तीय सहायता मांग रहा है तथा हथियारों का जखीरा जमा कर रहा है।
उन्होंने अपने समर्थकों से शुक्रवार को एक साथ आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस संवेदनशील समय में एक महत्वपूर्ण संदेश होगा और इसका उद्देश्य ईरानी जनता के प्रति यमनी लोगों के पूर्ण समर्थन की पुष्टि करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित