सना , अप्रैल 03 -- यमन के हूती विद्राेहियों ने इजरायल के जाफा क्षेत्र में रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाकर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं।
हूती प्रवक्ता याह्या सारी की ओर से जारी बयान के अनुसार, यह अभियान इराक, ईरान, फिलिस्तीन और लेबनान में चल रहे प्रतिरोध के समर्थन में सहयोगी सेनाओं के साथ पूर्ण समन्वय में चलाया गया और इसनेअपने सभी उद्देश्यों को हासिल किया है।
अमेरिकी-इजरायली हमले के खिलाफ ईरान और उसके सहयोगी मोर्चों के समर्थन में क्षेत्रीय प्रतिरोध में औपचारिक रूप से शामिल होने के बाद से हुती विद्रोहियों द्वारा किया गया यह तीसरा बड़ा हमला है।
हूती विद्रोहियों ने जोर देकर कहा कि इस अभियान में उनकी भागीदारी नपी-तुली है, लेकिन साथ ही चेतावनीदी कि भविष्य के अभियान दुश्मन की कार्रवाइयों के जवाब में तय किये जाएंगे। बयान में कहा गया, "हमारा हस्तक्षेप इसी स्तर पर नहीं रुकेगा। "समूह ने स्पष्ट किया कि इस महत्वपूर्ण और असाधारण लड़ाई में उनका सैन्य हस्तक्षेप क्रमिक है और भविष्य की कार्रवाई 'दुश्मन के आक्रामक रुख' पर निर्भर करेगी।
हूती ब्रिगेडियर जनरल इस्माइल कानी ने भी पिछली सफलताओं का जिक्र किया, जिसमें अमेरिकी विमानवाहक पोत गेराल्ड फोर्ड को पीछे हटने के लिए मजबूर करना शामिल था।
अब तक, ईरान ने 'ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4' के तहत इस क्षेत्र में रणनीतिक अमेरिकी और इजरायली ठिकानों को निशाना बनाते हुए कई बैलिस्टिक, हाइपरसोनिक मिसाइल और ड्रोन हमले किये हैं।
बैलिस्टिक मिसाइलों की बौछार के बाद, इजरायल रक्षा बल (आईडीएफ) ने टेलीग्राम पर एक बयान में कहा कि उसने 'यमन से इजरायली क्षेत्र की ओर एक मिसाइल छोड़े जाने' की पहचान की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित