अमृतसर , फरवरी 22 -- राष्ट्र की सेवा के 60 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाये जा रहे 'हीरक जयंती समारोह' के अंतर्गत सीमा सुरक्षा बल पंजाब फ्रंटियर ने अमृतसर में 'बॉर्डरमेन मैराथन - 2026' का सफल आयोजन किया है।

बीएसएफ के प्रवक्ता ने रविवार को बताया " हैंड इन हैंड विद बॉर्डरपूलेशन ' थीम पर आयोजित इस भव्य आयोजन ने सीमा क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों के साथ बीएसएफ के मजबूत संबंधों को पुनर्स्थापित किया है । इस मैराथन का आयोजन फुल मैराथन (42.195 किमी), हाफ मैराथन (21.097 किमी) और 10 हजार रन जैसी तीन श्रेणियों के अंतर्गत किया गया था जो 'एथलेटिक फेडरेशन ऑफ इंडिया ' द्वारा मान्यता प्राप्त है ।

मैराथन को पंजाब फ्रंटियर के महानिरीक्षक डॉ. अतुल फुलझेले ने अमृतसर के गोल्डन गेट से वरिष्ठ बीएसफ अधिकारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में झंडी दिखाकर रवाना किया । इसके उपरांत हाफ मैराथन की शुरुआत वार मेमोरियल से तथा 10 हजार दौड़ का आरंभ लाहौरीमल गांव से किया गया ।

इस मैराथन में देशभर से 7500 से अधिक धावकों ने भाग लिया । प्रतिभागियों में आम नागरिक, सेना व सशस्त्र बलों के जवान, पुलिस कर्मी, सीमावर्ती क्षेत्र के युवा, पूर्व सैनिक तथा अंतर्राष्ट्रीय धावक भी शामिल थे । कार्यक्रम का समापन जेसीपी अटारी पर एक भव्य समारोह के साथ हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि ने विजेताओं को पदक वितरण कर सम्मानित किया । इस दौरान बीएसएफ महिला बैंड की प्रस्तुति एवं पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये गये ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित