चंडीगढ़ , अप्रैल 28 -- हरियाणा के पंचकूला, केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ और ट्राईसिटी क्षेत्र में तापमान40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने के साथ ही इलाके में हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है।

चिकित्सक राजेश गेरा ने बताया कि हीट स्ट्रोक एक गंभीर चिकित्सीय आपात स्थिति है, जिसमें शरीर का तापमान नियंत्रण तंत्र असफल हो जाता है और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला जाता है।

उन्होंने बताया कि इसके प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, गर्म और सूखी त्वचा, चक्कर आना, भ्रम, सिरदर्द, मतली, तेज नाड़ी और गंभीर मामलों में बेहोशी शामिल हैं। समय पर पहचान और उपचार न होने पर यह जानलेवा साबित हो सकता है।

डॉ. गेरा ने बचाव के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनने और बाहर निकलते समय सिर को टोपी, छाता या धूप के चश्मे से ढकने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि लोगों को सुबह या शाम के समय ही बाहरी गतिविधियां करनी चाहिए और दिन के समय घर या ठंडी जगहों पर रहना चाहिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि पूर्वाह्न 11 बजे से शाम चार बजे के बीच धूप में निकलने से बचें। बच्चों और पालतू जानवरों को बंद गाड़ियों में न छोड़ें। साथ ही शराब, कैफीन और मीठे पेय पदार्थों से दूरी बनाये रखें, क्योंकि ये शरीर में पानी की कमी बढ़ाते हैं।

उन्होंने कहा कि अत्यधिक शारीरिक गतिविधियों से बचें और थकान, मांसपेशियों में ऐंठन या अधिक पसीना आने जैसे संकेतों को नजरअंदाज न करें, बल्कि तुरंत सावधानी बरतें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित