नयी दिल्ली , जनवरी 11 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी से जुड़े विधानसभा के वीडियो को सोशल मीडिए एक्स पर पोस्ट किया है और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को उन पर (श्री सचदेवा) पर प्राथमिकी दर्ज कराने की चुनौती दी है।
श्री सचदेवा ने पार्टी के प्रदेश कार्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली भाजपा का कोई भी कार्यकर्ता श्री केजरीवाल की ओर से दर्ज करायी जाने वाली झूठी प्राथमिकी से डरने वाला नहीं है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने विधानसभा की कार्यवाही के दौरान सुश्री आतिशी के विवादित बयान से संबंधित वीडियो क्लिप 'एक्स' पर साझा की थी, जिसके बाद आप की पंजाब सरकार ने उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करवा दी।
उन्होंने कहा कि आज वही वीडियो उन्होंने (श्री सचदेवा) ने अपने 'एक्स' अकाउंट पर पोस्ट किया है और हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं से भी इसे साझा करने का आह्वान किया है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा, "यदि श्री केजरीवाल में हिम्मत है तो पंजाब सरकार मेरे सहित हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं पर प्राथमिकी दर्ज कराए।"उन्होंने कहा कि जिस दिन विधानसभा में यह घटना हुई, उसी दिन सुश्री आतिशी गोवा चली गईं। इसके बाद लगातार तीन दिनों तक चली विधानसभा कार्यवाही के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें नोटिस जारी कर सदन में आकर अपना पक्ष रखने को कहा, लेकिन वे उपस्थित नहीं हुईं। इसके बावजूद श्री केजरीवाल के इशारे पर श्री मिश्रा के खिलाफ पंजाब में प्राथमिकी दर्ज कर दी गयी।
उन्होंने कहा कि श्री केजरीवाल भली-भांति जानते हैं कि विधानसभा के भीतर घटित किसी भी घटना या विवाद पर संज्ञान लेने का अधिकार केवल विधानसभा अध्यक्ष को होता है। आम आदमी पार्टी के विधायकों द्वारा फॉरेंसिक जाँच की मांग किए जाने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने जाँच के आदेश भी दे दिए थे, लेकिन जाँच रिपोर्ट आने से पहले ही पंजाब सरकार ने सुश्री आतिशी को क्लीन चिट दे दी और श्री मिश्रा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर करवा दी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि श्री केजरीवाल को अब यह डर सताने लगा है कि उनकी सरकार पंजाब से भी जाने वाली है। इसी घबराहट में वे पंजाब पुलिस का दुरुपयोग कर दिल्ली के लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं को डराने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन भाजपा का कोई भी कार्यकर्ता उनकी धमकियों से डरने वाला नहीं है।
इस दौरान प्रदेश मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि आप के विधायक सुश्री आतिशी से छिटक रहे हैं। पार्टी में बिखराव हो रहा है।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री एवं सांसद योगेन्द्र चांदोलिया, सांसद कमलजीत सहरावत, श्री विष्णु मित्तल तथा मीडिया रिलेशन प्रमुख विक्रम मित्तल उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित