शिमला/बिलासपुर , जनवरी 12 -- हिमाचल प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में 70 साल से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष किस्म की बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) सेवा शुरू की है।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक यह खास सुविधा राज्यभर के बड़े अस्पतालों में पहले ही लागू की जा चुकी है, जिसका वरिष्ठ नागरिकों को यह लाभ हुआ है कि उन्हें लंबी कतारों में खड़े होने की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। इससे यह भी सुनिश्चित हुआ है कि उन्हें समय पर मेडिकल सलाह और इलाज मिल रहा है। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार बिलासपुर जिले के क्षेत्रीय अस्पताल में भी एक खास वरिष्ठ नागरिक ओपीडी सेवा शुरू की गई है।
मेडिकल अधीक्षक डॉ. एके सिंह ने बताया कि 70 साल से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए खास ओपीडी क्षेत्रीय अस्पताल के कमरा नंबर 209 में चलाई जा रही है। इस ओपीडी में उम्र से संबंधित बीमारियों से पीड़ित वरिष्ठ नागरिकों का इलाज प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। खास वरिष्ठ नागरिक ओपीडी के तहत उनका पूरा हेल्थ चेक-अप किया जा रहा है, जिसमें शारीरिक, मानसिक, मनोवैज्ञानिक और सामाजिक पहलुओं का आकलन शामिल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित