शिमला , जनवरी 16 -- हिमाचल प्रदेश के बलोह इलाके में सुरंग नंबर चार के पास सड़क दुर्घटना में एक गर्भवती महिला की मौत हो गई और उसके परिवार के अन्य तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने यह जानकारी गुरुवार देर शाम दी। पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार ट्रक ने पीड़ितों के कार को टक्कर मारी। टक्कर से गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को कार से बाहर निकाला और एम्बुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों को विशेष इलाज के लिए हायर सेंटर भेज दिया गया है।

अस्पताल अधिकारियों ने पुष्टि की कि गंभीर रूप से घायल गर्भवती महिला की बाद में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में इलाज के दौरान मौत हो गयी। परिवार के अन्य तीन सदस्यों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपी का पता लगाने के लिए टीमें गठित की गयी हैं।

दुर्घटना के सही कारण का पता लगाने के लिए जांच जारी है, जिसमें तेज रफ्तार को एक मुख्य कारण माना जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि राज्य में आग लगने की चार घटनाएं और तीन बड़ी सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं, जिनमें से कई सर्दियों के मौसम में राजमार्गों पर ब्लैक आइस के कारण हुई हैं। इन घटनाओं में पिछले 15 दिनों में कम से कम 35 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। अधिकारियों ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने सलाह दी है, खासकर रात में यात्रा के दौरान और ब्लैक आइस वाले इलाकों में, क्योंकि कड़ाके की सर्दियों में पर्वतीय सड़कों पर गंभीर जोखिम पैदा कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित