नाहन , मार्च 29 -- हिमाचल प्रदेश में सिरमौर ज़िला पुलिस ने पिछले 48 घंटों में खनन माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में शामिल 42 वाहनों को ज़ब्त कर लिया है और उनके खिलाफ चालान जारी किये हैं।
पुलिस अधीक्षक एन.एस. नेगी ने बताया कि सिरमौर ज़िले में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे एक विशेष अभियान के तहत एक सुनियोजित और विशेष अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान कुल 42 वाहनों के चालान किए गये। जब्त किये गये वाहनों में से 39 वाहनों के खिलाफ 'खनन अधिनियम' के तहत और तीन वाहनों के खिलाफ 'मोटर वाहन अधिनियम' के तहत कार्रवाई की गयी। इन सभी वाहनों को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है।
श्री नेगी ने बताया कि ये वाहन ज़िले के विभिन्न इलाकों में अवैध खनन की गतिविधियों में लिप्त पाए गए थे। इन वाहनों के खिलाफ जारी किए गए चालान, आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित न्यायालय में जमा कर दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित