शाहपुर (कांगड़ा) , फरवरी 03 -- हिमाचल प्रदेश की शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में करीब दो करोड़ रुपये की लागत से 500 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया जाएगा। शाहपुर के विधायक एवं उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण करने के बाद यह जानकारी दी।
श्री पठानिया ने बताया कि यह सोलर प्लांट परगोड़ पंचायत के गुब्बर गांव में लगाया जायेगा और प्रतिवर्ष लगभग आठ लाख यूनिट बिजली का उत्पादन करेगा। इसे राज्य सरकार 3.45 रुपये प्रति यूनिट की दर से खरीदेगी ।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार हरित ऊर्जा उत्पादन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी दिशा में प्रदेश में कई सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित की जा रही हैं, ताकि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिले और ऊर्जा आत्मनिर्भरता सुनिश्चित की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित