शिमला , नवंबर 01 -- हिमाचल प्रदेश में चार और पांच नवंबर को बारिश और हिमपात के आसार है।

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक तीन नवंबर की रात से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे चार और पांच नवंबर को हल्की बारिश और हिमपात होने की संभावना है। चार नवंबर को केवल ऊँचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और हिमपात की संभावना है, जबकि अन्य इलाके साफ रहेंगे। पांच नवंबर को पूरे राज्य में मौसम खराब रहेगा। ऊँचाई वाले इलाकों में हिमपातऔर निचले एवं मध्यम ऊँचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश के आसार है। बारिश और हिमपात के बाद तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी।

हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में आज सुबह कोहरा छाया रहा। हमीरपुर के सुजानपुर, मंडी की बल्ह घाटी और बिलासपुर के भाखड़ा बांध के आसपास के इलाकों में दृश्यता घटकर 100 मीटर रह गई। मौसम विभाग ने मंडी और बिलासपुर के लिए पीले कोहरे का अलर्ट जारी किया था।

प्रदेश भर के 10 शहरों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे है और ताबो और कुकुमसेरी में तापमान शून्य से 10 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुँच गया है। कुकुमसेरी में सबसे कम न्यूनतम तापमान शून्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि ताबो में शून्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित