शिमला , नवंबर 11 -- हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट आने से ठंड बढ़ गयी है।
मौसम विज्ञान केंद्र, शिमला ने मंगलवार को बताया कि राज्य में मौसम शुष्क रहा है। रातें सर्द रहीं और अधिकांश जिलों में पारा गिरने से आदिवासी इलाकों में तापमान शून्य से नीचे बना रहा। तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस से 1.5 डिग्री सेल्सियस गिरावट दर्ज की गयी है।
विभाग के अनुसार शिमला में न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री की गिरावट के साथ 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मनाली में 3.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। राज्य में सबसे कम तापमान लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में शून्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। इसके बाद ताबो में शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस और केलांग में शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। किन्नौर ज़िले के कल्पा में तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस रहा जबकि रिकांगपिओ और नारकंडा में क्रमशः 3.2 डिग्री सेल्सियस और 3.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि निचले पहाड़ी क्षेत्रों में ऊना और नाहन में रातें अपेक्षाकृत गर्म रहीं, जहाँ तापमान क्रमशः 8.8 डिग्री सेल्सियस और 11.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि बिलासपुर और हमीरपुर में क्रमशः 10.5 डिग्री सेल्सियस और 6.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
विभाग के अनुसार राज्य के किसी भी हिस्से से वर्षा की सूचना नहीं है और मौसम शुष्क बना रहा। सुंदरनगर में लगभग 250 मीटर की दृश्यता के साथ मध्यम कोहरा देखा रहा और बिलासपुर में सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित