शिमला , अक्टूबर 08 -- हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी जारी रहने के कारण प्रदेश के सभी हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और मनाली-लेह मार्ग अवरुद्ध हो जाने से लद्दाख की ओर जाने वाले वाहनों को दारचा में रोक दिया गया है।

मौसम विभाग कार्यालय ने बुधवार को बताया कि हिमाचल प्रदेश में इस साल बहुत जल्दी बर्फबारी हुयी है। इससे पहले, केलांग में 11 अक्टूबर, 2018 को छह सेंटीमीटर शुरुआती बर्फबारी दर्ज की गयी थी। इस बार छह अक्टूबर को 25 सेंटीमीटर से ज़्यादा बर्फबारी दर्ज की गयी। राज्य के औसत अधिकतम तापमान में सामान्य से 11.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गयी है।

मौसम विभाग ने बताया कि चंबा का अधिकतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 14.8 डिग्री सेल्सियस , डलहौजी का तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस से गिरकर सिर्फ़ 6.3 डिग्री सेल्सियस एवं मनाली का तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के बाद 10.8 डिग्री सेल्सियस , कांगड़ा का तापमान 13.0 डिग्री की गिरावट के बाद 17.0 डिग्री, मंडी का तापमान 13.0 डिग्री की गिरावट के बाद 16.8 डिग्री, बिलासपुर का तापमान 13.5 डिग्री की गिरावट के बाद 17.9 डिग्री और हमीरपुर का तापमान 14.8 डिग्री की गिरावट के बाद 16.6 डिग्री दर्ज किया गया है।

इसी तरह, ज़्यादातर शहरों में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से नीचे चला गया। कल्पा और केलांग का तापमान शून्य से 10 डिग्री नीचे चला गया।

अधिकारियों ने बताया कि बर्फबारी के कारण मनाली-लेह मार्ग अवरुद्ध हो गया और लद्दाख की ओर जाने वाले वाहनों को दारचा में रोक दिया गया। उन्होंने बताया कि लाहौल-स्पीति , गोंधला में 30 सेमी, केलांग में 15 सेमी, हंसा में 5 सेमी और कुकुमसेरी में 3.2 सेमी बर्फबारी हुई।

स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार राज्य के निचले और मध्यम पहाड़ी क्षेत्रों में मध्यम से बहुत भारी बारिश हुई। नैना देवी में कल शाम से 132.6 मिमी बारिश हुयी। मुरारी देवी, कांगड़ा, पालमपुर, सुंदरनगर, जुब्बड़हट्टी और शिमला में गरज के साथ बारिश हुयी, जबकि नारकंडा, कुफरी, नेरी और ताबो में तेज़ हवाएँ चलीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित