शिमला , जनवरी 26 -- हिमाचल प्रदेश में सोमवार से मौसम में बदलाव आने की आशंका है जिसमें पूरे राज्य में हिमपात, ओलावृष्टि, गरज के साथ छींटे और शीतलहर तेज होने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार को विशेष रूप से प्रमुख पर्यटन स्थलों और उच्च पहाड़ी जिलों में मध्यम से तीव्र दर्जे के हिमपात और बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश अभी भी ऊंचे और आंतरिक क्षेत्रों में लंबे समय से जारी ठंड और सड़कों पर फैली 'ब्लैक आइस' से पूरी तरह उबर नहीं पाया है। ऐसे में राज्य में सर्दी में यह दूसरा बड़ा खराब मौसम का दौर होगा।

एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और अनुकूल परिस्थितियों के प्रभाव में 26 जनवरी की रात से 28 जनवरी की सुबह तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में व्यापक वर्षा की संभावना है।

विभाग ने कई स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे के हिमपात और ऊंची पहाड़ियों व साथ लगते मध्य-पहाड़ी क्षेत्रों में हिमपात के कुछ तीव्र दौर का पूर्वानुमान लगाया है। शिमला, मनाली, कुफरी, नारकंडा, सोलंग वैली और सिस्सू सहित पर्यटन स्थलों पर मंगलवार को हिमपात होने की संभावना है।

निचली पहाड़ियों और मैदानी इलाकों में भी भारी से मध्यम बारिश की उम्मीद है। दिन के तापमान में चार से आठ डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने का अनुमान है, जिससे कई जिलों में बेहद ठंडा दिन (कोल्ड डे) की स्थिति बन जाएगी। मंगलवार को चंबा, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में छिटपुट भारी बारिश या हिमपात के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

ऊना, बिलासपुर, सोलन और सिरमौर जिलों में ओलावृष्टि, राज्य के कई हिस्सों में 'कोल्ड डे' की स्थिति और बिजली कड़कने तथा 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

अधिकारियों ने आगाह किया कि फिसलन भरी सड़कों, कम दृश्यता और आवश्यक सेवाओं के बाधित होने के कारण राहत और बचाव कार्य प्रभावित हो सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित