ऊना , फरवरी 04 -- हिमाचल प्रदेश के ऊना में जन शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन पर पत्थर फेंकने की घटना ने जिले में रेलवे की सम्पत्ति और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी है।

गौरतलब है कि हाल ही में आनंदपुर साहिब और नंगल डैम रेलवे स्टेशन के बीच कुछ बदमाशों ने ट्रेन के डिब्बों पर पत्थर फेंके। पत्थरबाजी में डिब्बों की खिड़कियां टूट गईं। गनीमत रही कि इस घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ।

एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि घटना के समय जन शताब्दी एक्सप्रेस नयी दिल्ली से ऊना जा रही थी। कुछ अज्ञात बदमाशों ने जिंदबाड़ी इलाके के पास ट्रेन को निशाना बनाया। इस घटना से यात्रियों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। पत्थरबाजी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस क्षेत्र में जन शताब्दी एक्सप्रेस पर पत्थर फेंकने की यह पहली घटना है। हालांकि, इससे पहले आनंदपुर साहिब और अंब-अंडौरा रेलवे सेक्शन के बीच इसी रूट पर वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थर फेंकने की तीन से चार घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित