कुल्लू , जनवरी 29 -- हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब जमी हुई बर्फ और सड़क की खराब स्थिति के कारण एक निजी पर्यटक बस फिसल गई। लेकिन समय रहते यह सड़क किनारे तटबंध से टकराकर रूक गयी।
सूत्रों के अनुसार, पर्यटकों को ले जा रही एक बस भुंतर-मणिकरण मार्ग पर छान्नीखोड़ के पास एक फिसलन भरे मोड़ पर अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क के किनारे पर खतरनाक रूप से डगमगाने लगी, जिससे यह डर पैदा हो गया कि वह नीचे बहने वाली नदी में गिर सकती है। हालांकि, बस सड़क के किनारे बने तटबंध से टकराकर रुक गई, जिससे एक बड़ी त्रासदी टल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस के फिसलते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, हालांकि कई यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं और वे सदमे में हैं।
स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित